
मानव उपलब्धियाँ
तियांगोंग के पहले अंतरराष्ट्रीय दल में शामिल हुए पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री
25 नवंबर को मुहम्मद ज़ीशान अली चीन के किसी मानवयुक्त अंतरिक्ष अभियान पर उड़ान भरने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री बने। पाकिस्तानी पायलट अली ने चीनी अंतरिक्ष यात्रियों तांग होंगबो और वू यी के साथ उत्तर-पश्चिमी चीन के जिउछ्वान से शेनझोउ-24 में तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरी।
दल के पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर अली का काम वैज्ञानिक प्रयोग करना है। पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी के मुताबिक़, वे अध्ययन करेंगे कि अंतरिक्ष उड़ान का क्विनोआ के बीजों पर क्या असर पड़ता है। वे सूक्ष्म शैवाल भी उगाएँगे ताकि पता चले कि क्या उनसे भविष्य के अभियानों में भोजन और ऑक्सीजन मिल सकती है। पृथ्वी की कक्षा में लगभग पाँच दिन बिताने के बाद उन्हें शेनझोउ-23 से लौटना है, जो मई से तियांगोंग से जुड़ा हुआ है।
यह उड़ान दोनों देशों की अंतरिक्ष एजेंसियों के बीच फ़रवरी 2025 में हुए समझौते का नतीजा है, जिसके तहत पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्रियों को चीन में प्रशिक्षण दिया जाना था। बीजिंग में बिताए सात महीनों के दौरान अली ने मंदारिन का अध्ययन किया, चीनी कविताएँ पढ़ीं और सुलेख में हाथ आज़माया। प्रक्षेपण से पहले पत्रकारों से मुलाक़ात में उन्होंने मंदारिन, उर्दू और अंग्रेज़ी में बात की।
इस्लामाबाद में अंतरिक्ष विज्ञान के छात्र सैयद वासिफ़ ने कहा कि इस अभियान से उन्हें और उनके सहपाठियों को बेहतर अंदाज़ा हुआ कि वे किन क्षेत्रों में करियर बना सकते हैं।
स्रोत
- Le Figaro.frMission Shenzhou-24 : un Pakistanais décolle mercredi vers la station spatiale chinoise, une première pour un étranger
- Ouest FranceDécollage de la mission chinoise Shenzhou-24, un astronaute étranger à bord
- Sözcü GazetesiÇin, Tiengong'a ilk kez yabancı astronot gönderdi
- english.news.cnPakistan's 1st astronaut embarks on journey of hope, inspiring nation's space dreams